मिर्जापुर में खाद्य पदार्थों की मिलावट पर कार्रवाई:925 दुकानों की जांच, 58 नमूने फेल; 34 दुकानदारों पर 4.85 लाख जुर्माना

Oct 09, 2026 - 20:29
0
मिर्जापुर में खाद्य पदार्थों की मिलावट पर कार्रवाई:925 दुकानों की जांच, 58 नमूने फेल; 34 दुकानदारों पर 4.85 लाख जुर्माना
मिर्जापुर में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अप्रैल से अब तक 925 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 403 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। रिपोर्ट में 58 नमूने मानकों के विपरीत मिले। संबंधित मामलों में न्यायालय में वाद दायर किए गए हैं। वहीं, 34 दुकानदारों पर अब तक 4.85 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। शारदीय नवरात्र मेले को देखते हुए अब विंध्याचल क्षेत्र में जांच और छापेमारी अभियान तेज किया जाएगा। शुक्रवार शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक हुई। इसमें सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुशील कुमार सिंह ने विभागीय कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 162 विधिक और 241 सर्वे नमूने लिए गए हैं। प्रयोगशाला से विधिक नमूनों की 100 और सर्वे नमूनों की 117 रिपोर्ट मिली हैं। इनमें 58 नमूने मानकों के विपरीत पाए गए। जिलाधिकारी ने कार्रवाई पर संतोष जताते हुए दूध, खोया, मिठाई, घी, खाद्य तेल और नमकीन समेत ब्रांडेड और स्थानीय निर्माताओं के उत्पादों की विशेष जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। थोक दुकानों से भी लिए जाएंगे नमूने जिलाधिकारी ने थोक दुकानों में उपलब्ध 15 किलो के देशी घी के डिब्बों से नमूने लेने के निर्देश दिए। संदिग्ध दूध और दुग्ध उत्पादों के अधिक से अधिक नमूने लेकर मिलावटखोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। निर्देशों के तहत विंध्याचल मंदिर क्षेत्र, होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की नियमित जांच की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें मेला क्षेत्र में लगातार निरीक्षण कर रही हैं। विभाग ने बताया कि विंध्याचल मेला क्षेत्र के साथ पूरे जिले में जांच और प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा। बैठक में एडीएम विनोद कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एनएन झा, औषधि निरीक्षक राजेश मौर्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User