मिर्जापुर में महाराजा अग्रसेन जयंती और वार्षिकोत्सव मनाया:मदनलाल को अग्रसेन रत्न, रोहित को यूथ आइकॉन अवार्ड मिला, मेधावी छात्र भी सम्मानित
मिर्जापुर। श्रीअग्रवाल नवयुवक समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन की 5151वीं जयंती सप्ताह-2026 एवं समिति का 92वां वार्षिकोत्सव शनिवार की देर रात लालडिग्गी स्थित मिलन पैलेस में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल, इलाहाबाद हाईकोर्ट, ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। समाज के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में समाजसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए मदनलाल अग्रवाल को समिति के सर्वोच्च सम्मान ‘अग्रसेन रत्न’ से सम्मानित किया गया। सामाजिक कार्यों में रुचि और समर्पण के लिए रोहित अग्रवाल को ‘यूथ आइकॉन अवार्ड’ मिला । मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
शासन समिति के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने अग्रवाल समाज का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। जयंती सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं तथा सीए और एमबीबीएस जैसी उच्च स्तरीय व्यावसायिक योग्यताएं हासिल करने वाले समाज के युवाओं को भी सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने मंत्री नीतीश अग्रवाल को अध्यक्षीय पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा ‘अग्रसेन एक्सीलेंस कंट्रीब्यूशन अवार्ड’, ‘एक्सीलेंस एंड सपोर्ट अवार्ड’, ‘अग्रसेन उत्कृष्ट सेवा सम्मान’, ‘अग्रसेन जनसेवा सम्मान’ और ‘अग्रसेन रणवीर अवार्ड’ सहित विभिन्न सम्मानों से लोगों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल ने महापुरुषों की जयंती मनाने के साथ उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज सेवा कार्यों में हमेशा अग्रणी रहा है और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने समाज को आश्वस्त किया कि किसी भी परेशानी में वह उनके साथ खड़े रहेंगे। समारोह में रोहित अग्रवाल, अविनाश गोयल, शुभम अग्रवाल, अक्षयकृष्ण गर्ग, किशन अग्रवाल, शिवम गोयल, शरद गोयल, आशुतोष अग्रवाल, विशाल गोयल, अर्पित गोयल, आदित्य गर्ग, प्रतीक अग्रवाल, निखार अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल और दिप्तांशु गोयल सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)