मिशन शक्ति: एनसीसी कैडेटों ने संभाली ट्रैफिक की कमान:1956 प्रमुख चौराहों पर नजर आई यातायात संभालती लड़कियां, प्रदेश की 4696 महिलाएं और बालिकाएं सम्मानित

Oct 14, 2026 - 19:44
0
मिशन शक्ति: एनसीसी कैडेटों ने संभाली ट्रैफिक की कमान:1956 प्रमुख चौराहों पर नजर आई यातायात संभालती लड़कियां, प्रदेश की 4696 महिलाएं और बालिकाएं सम्मानित
उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 4696 महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, महिला सशक्तीकरण की अनूठी पहल के तहत 6572 महिला एनसीसी कैडेटों ने प्रदेश के 1956 प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उनके साथ 4848 महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहीं। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 11 से 20 अक्टूबर तक संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, प्रदेश के सभी कमिश्नरेट और जनपदों में महिला प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है। 4696 महिलाओं और बालिकाओं को किया सम्मानित मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रदेश के सभी कमिश्नरेट और जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में 4696 महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इन कार्यक्रमों में 854 जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। सम्मानित होने वालों में बहादुरी का परिचय देने वाली महिलाएं और बालिकाएं, प्रतिष्ठित महिला खिलाड़ी, मेधावी छात्राएं और सराहनीय कार्य करने वाली दिव्यांग महिलाएं शामिल रहीं। इसके अलावा महिला चिकित्सकों, नर्सों, शिक्षिकाओं और स्वयंसेवी संगठनों से जुड़ी महिलाओं को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए नारी शक्ति की प्रतिभा और सामर्थ्य को प्रदर्शित किया गया। पुलिस अधिकारियों, जिलाधिकारियों, संबंधित विभागों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समन्वय से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। दृष्टिबाधित छात्रा रिदा जेहरा को मिला सम्मान मेरठ की दृष्टिबाधित छात्रा रिदा जेहरा की उपलब्धि ने भी सबका ध्यान खींचा। बृजमोहन स्कूल की छात्रा रिदा को संपूर्ण गीता, हिंदी और संस्कृत कंठस्थ है। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी इस असाधारण उपलब्धि के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। उनकी सफलता को दिव्यांग बालिकाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए यह संदेश दिया गया कि दिव्यांगता प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता को सीमित नहीं कर सकती। मिसाल बनी महिला दरोगा मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र में महिला उपनिरीक्षक निवेश कुमारी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक महिला की जान बचाई। अट्टा गांव निवासी करीब 45 वर्षीय सुमन बीमारी से परेशान होकर पूठ पुल के पास गंगनहर में कूद गई थीं। सूचना मिलने पर महिला उपनिरीक्षक निवेश कुमारी ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकलवाया। उनके इस कार्य को महिला सुरक्षा और पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल के तौर पर रेखांकित किया गया। 13 साल की हिमांशी ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान आगरा की 13 वर्षीय हिमांशी को भी उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने सात साल की उम्र से मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। वह राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंडर-30 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग कर चुकी हैं। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली हिमांशी की उपलब्धि को बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। 1956 चौराहों पर 6572 महिला कैडेटों ने संभाली ट्रैफिक व्यवस्था मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए यातायात संचालन में महिला एनसीसी कैडेटों की भागीदारी सुनिश्चित की गई। प्रदेश के 1956 प्रमुख चौराहों पर 6572 महिला एनसीसी कैडेटों ने यातायात व्यवस्था संभाली। इस दौरान 4848 महिला पुलिसकर्मियों ने उनका सहयोग किया। कैडेटों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और हेलमेट पहनने सहित सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की। इस पहल के जरिए छात्राओं को यातायात प्रबंधन में प्रत्यक्ष भागीदारी का अवसर मिला। पुलिस विभाग के प्रवक्ता के अनुसार इस अभियान के दौरान यातायात नियमों से संबंधित 63,574 प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। महिला कैडेटों की भागीदारी का उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनमें जिम्मेदार नागरिक होने का भाव विकसित करना रहा। 15 अक्टूबर को साइबर सुरक्षा पर विशेष कार्यशाला मिशन शक्ति अभियान के तहत 15 अक्टूबर को साइबर सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन मुख्यालय की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में साइबर विशेषज्ञ रक्षित टंडन लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताएंगे। कार्यशाला में सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर लैंगिक अपराधों के प्रति जागरूकता और साइबर ब्लैकमेल से बचाव जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User