मिट्टी के टीले के नीचे दबने से अधेड़ की मौत:उन्नाव में तसले में मिट्टी भरते समय हादसा, कड़ी मशक्कत के बाद शव निकाला

Sep 30, 2026 - 15:01
0
मिट्टी के टीले के नीचे दबने से अधेड़ की मौत:उन्नाव में तसले में मिट्टी भरते समय हादसा, कड़ी मशक्कत के बाद शव निकाला
उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में घर के आवश्यक काम के लिए सड़क किनारे टीले से मिट्टी खोद रहे ग्रामीण के ऊपर अचानक टीले का बड़ा हिस्सा धंसकर गिर गया। मिट्टी में दबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उसे मिट्टी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नेवल निवासी रहीस (55) पुत्र खलील बुधवार सुबह गांव के बाहर सड़क मार्ग किनारे स्थित टीले के पास मिट्टी खोदने गया था। वह फावड़े से मिट्टी खोदकर तसले में भरता और उसे पैदल घर ले जाकर जमा करता था। बताया गया कि सुबह से वह कई चक्कर लगाकर मिट्टी घर पहुंचा चुका था। इसी दौरान वह टीले में मिट्टी खोद रहा था, तभी अचानक ऊपर की मिट्टी भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। देखते ही देखते वह मिट्टी के नीचे दब गया। हादसे की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मिट्टी हटाकर रहीस को बाहर निकालने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। रहीस की मौत से पत्नी आसमां, चार पुत्र महबूब, सलमान, फरमान व रिहान और दो पुत्रियों अनीसा व मुनीसा का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े पुत्र महबूब की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरे नंबर के पुत्र सलमान की शादी कुछ माह बाद होनी है। बांगरमऊ कोतवाली अखिलेश चंद पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच कर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User