मकान के बंटवारे पर मारपीट, चार लोग घायल:संभल में हुआ विवाद, लंबे समय से चल रहा था विवाद
सम्भल के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव लावर में मंगलवार दोपहर करीब 3:00 बजे मकान के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव लावर में एक ही परिवार के लोगों के बीच मकान के बंटवारे को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। घटना में रामोतार पुत्र सुखराम, राधेश्याम पुत्र अशर्फी, रजनेश पुत्र राधेश्याम और संदीप पुत्र राधेश्याम निवासी गांव लावर घायल हो गए। घायल संदीप ने बताया कि कुछ दिन पहले मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। मंगलवार को उनकी मां ने दूसरे पक्ष के लोगों से इस संबंध में शिकायत की तो आरोप है कि वे गाली-गलौज करने लगे। संदीप के मुताबिक, वह अपने दो भाइयों और पिता के साथ बाहर रहते हैं। शिकायत करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए। मामले में अशर्फी, चन्द्रकेश, जसवीर और योगेंद्र समेत कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। संदीप ने आरोप लगाया कि मारपीट में कुछ बाहरी लोग भी शामिल थे। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत कर एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि एक ही परिवार के लोगों के बीच मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच और मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)