मकान विवाद में पिता-पुत्रों की पिटाई:पुलिस पर उल्टा केस लिखने का आरोप, मारपीट का वीडियो सामने आया

Oct 17, 2026 - 16:09
0
मकान विवाद में पिता-पुत्रों की पिटाई:पुलिस पर उल्टा केस लिखने का आरोप, मारपीट का वीडियो सामने आया
जालौन कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला चिमन दुबे में मकान के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के पिता-पुत्रों के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिसमें दो बेटों के सिर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया, बल्कि उसके और उसके बेटों के खिलाफ ही प्राथमिकी पंजीकृत कर ली। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित ने शनिवार को उरई में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम समीर और एसपी सुरेश चंद्र रावत से शिकायत की। एसपी ने मामले की जांच सीओ को सौंपने के निर्देश दिए हैं। जालौन के मोहल्ला चिमन दुबे निवासी तुफैल अहमद पुत्र शकूर ने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मकान के बंटवारे को लेकर तहसील में मामला चल रहा है। इसी बात को लेकर उसके भाइयों और उनके बेटों से रंजिश चल रही थी। मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप कर बचाया पीड़ित के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को शाम करीब चार बजे वह घर से बाहर निकला, तभी यासीन ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद इमरान, रिजवान समेत अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। तुफैल अहमद का आरोप है कि उसे बचाने पहुंचे उसके बेटे खुर्शीद और इकबाल को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा। मारपीट में खुर्शीद के सिर में गंभीर चोट आई, जिस पर सात टांके लगाने पड़े। वहीं, इकबाल के सिर में भी लाठी लगने से चोट आई। पीड़ित के अनुसार, हमलावर घर के अंदर तक पहुंच गए और वहां भी मारपीट की। बाद में मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचाया। घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई और घायलों का सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पीड़ित ने दावा किया कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। उसने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत पर एसपी ने सीओ को जांच के निर्देश दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User