MLA सांगा बोले- उपचुनाव में सपा को प्रत्याशी नहीं मिला:मुनींद्र ने कहा- साड़ी की तरह पार्टी बदली, हमारे दल की चिंता न करें
कानपुर में बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में मतदान से पहले ही साल 2027 के विधानसभा चुनाव का माहौल बनने लगा है। बिठूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा और सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला बयानबाजी को लेकर आमने-सामने आ गए हैं। नगर पंचायत उपचुनाव में एक तरफ भाजपा के टिकट पर भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई राणा समरेन्द्र सिंह उम्मीदवार हैं, तो दूसरी तरफ निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभू मैदान में हैं। आदर्श द्विवेदी सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला के भतीजे हैं। दोनों पक्षों की ओर से नगर पंचायत क्षेत्र में जनसभाएं की जा रही हैं। इन सभाओं में एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा जा रहा है। दैनिक भास्कर ने भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा और सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला से बातचीत की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहले पढ़िए, भाजपा विधायक सांगा ने जनसभा में क्या कहा सांगा बोले- मुनींद्र ने सपा को धोखा दिया भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने शनिवार को ईश्वरी मइया प्रांगण में आयोजित जनसभा में मुनींद्र शुक्ला का नाम लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बार सपा पूर्व विधायक का टिकट काटने वाली है, क्योंकि वह पंचायत चुनाव में पार्टी का सिंबल नहीं दिला पाए, लेकिन गलियों में घूम-घूमकर चुनाव लड़वा रहे हैं। सांगा ने कहा कि जनसभा में यादव और मुस्लिम समाज के लोग भी उनके साथ मौजूद हैं। उनके मुताबिक, मुनींद्र कभी चौबेपुर तो कभी रैतापुर से लोगों को बिठूर लाकर चुनाव लड़वा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा के कुछ लोग भाजपा का झंडा लगाकर उनके साथ खड़े हैं। रविवार को एक अन्य जनसभा में सांगा ने कहा कि मुनींद्र अपने भतीजे को सपा का टिकट नहीं दिला पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुनींद्र ने शिवपाल यादव और अखिलेश यादव की पीठ में छुरा घोंपा है। 'सपा को प्रत्याशी नहीं मिला' दैनिक भास्कर से बातचीत में अभिजीत सिंह सांगा ने कहा, “पूरे प्रदेश में सपा दम भर रही है कि वह सरकार बनाएगी। बड़ी विडंबना है कि बिठूर नगर पंचायत उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को कोई प्रत्याशी नहीं मिला। अब कुछ लोग सपा के नाम पर आकर वोट मांग रहे हैं। इससे ये लोग बेनकाब हो चुके हैं।” उन्होंने कहा, “जो अपने दल को धोखा दे, वह किसी का नहीं हो सकता। ये लोग खुद ही तय नहीं कर पा रहे हैं कि करना क्या है। टिकट नहीं देकर कहते हैं कि नगर पंचायत चुनाव में भाग नहीं लेना है, लेकिन जब भतीजा चुनाव लड़ रहा है, तो मैदान में आकर उसके लिए प्रचार भी कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि वे अपनी ही पार्टी के भरोसेमंद नहीं हैं।” सांगा ने यह भी कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव आने वाले विधानसभा चुनाव में बिठूर से सपा का टिकट तय करने में भूमिका निभाएगा। मुनींद्र बोले- साड़ी की तरह पार्टी बदलते हैं सांगा सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला शनिवार को ब्रह्मावर्त घाट पर निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी के समर्थन में आयोजित जनसभा में पहुंचे। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्य गिनाए और घाट की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए। मुनींद्र ने सांगा पर निशाना साधते हुए कहा- जो व्यक्ति साड़ी की तरह पार्टी बदलता हो, उसे दूसरे दल में क्या हो रहा है या क्या होगा, इस पर बात नहीं करनी चाहिए। वह खुद बसपा, सपा और कांग्रेस में रह चुके हैं। अब भाजपा में हैं और विधायक हैं, तो उन्हें अपनी और अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा- इनकी स्थिति तो यह है कि अगर मौका मिल जाए, तो ये फिर सपा में आ जाएं। धमकाकर और अपमानित करके चुनाव नहीं जीता जाता। अब देखना है कि भाजपा में भी कितने दिन रहेंगे। उन्हें दूसरे नेताओं और पार्टियों को सबक सिखाने का कोई हक नहीं है। उन्हें सपा की रणनीति से क्या मतलब है? उपचुनाव में विधानसभा चुनाव की चर्चा बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष का उपचुनाव स्थानीय निकाय की सीट के लिए हो रहा है, लेकिन दोनों नेताओं की बयानबाजी में 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र भी आ रहा है। सांगा ने इस उपचुनाव को बिठूर में सपा के अगले विधानसभा टिकट से जोड़कर देखा, जबकि मुनींद्र ने उनके राजनीतिक सफर पर सवाल उठाए। फिलहाल, दोनों पक्ष अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं कर रहे हैं। मतदान से पहले की यह बयानबाजी उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)