MLC चुनाव के लिए प्रयागराज में कंट्रोल रूम बना:23 अक्टूबर को होगा मतदान, दो आधिकारिक दूरभाष नंबर जारी
उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के द्विवार्षिक चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए तारीखों के ऐलान के बाद, जिला प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े प्रबंध किए हैं। इसी क्रम में, प्रयागराज जनपद के सभी स्नातक मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय स्थित संगम सभागार के ऊपरी तल पर एक विशेष निर्वाचन कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी उपमा पाण्डेय ने बताया कि चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत, समस्या या जानकारी के लिए मतदाता सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए दो आधिकारिक दूरभाष नंबर जारी किए हैं। इसमें कंट्रोल रूम नंबर 0532-2990378 और वैकल्पिक नंबर 0532-2990379 है। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को हरसंभव सहायता प्रदान करना और चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है। 23 अक्टूबर को होगा मतदान
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, प्रयागराज जनपद में स्नातक खंड के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। इस चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। विधान परिषद की इस सीट पर कब्जा जमाने के लिए सभी दलों ने अपनी-अपनी रणनीतियों पर काम करना शुरू कर दिया है। स्नातक मतदाताओं के बीच जनसंपर्क अभियान तेज हो गए हैं, और राजनीतिक गलियारों में इस चुनाव को लेकर सुगबुगाहट अपने चरम पर है। प्रशासन ने भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए अपनी कमर कस ली है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)