मंडी में किसान को आढ़ती भाइयों ने बेलचे से पीटा:अलीगढ़ की धनीपुर मंडी में धान के 1.40 लाख मांगने पहुंचा था किसान, दो भाइयों पर केस

Oct 02, 2026 - 17:47
0
मंडी में किसान को आढ़ती भाइयों ने बेलचे से पीटा:अलीगढ़ की धनीपुर मंडी में धान के 1.40 लाख मांगने पहुंचा था किसान, दो भाइयों पर केस
धनीपुर मंडी में वर्ष 2023 में बेचे गए धान के बकाया 1.40 लाख रुपये मांगने पहुंचे किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि आढ़त मालिक और उसके भाई ने पहले किसान से धान बिक्री की पर्ची ली, फिर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसकी शारीरिक विकलांगता पर टिप्पणी की और बेलचे से हमला कर दिया। नीचे गिरने के बाद भी दोनों ने लात-घूंसों से पीटा। हमले में किसान की आंख, नाक और सिर में चोटें आई हैं। महुआखेड़ा पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरदुआगंज थाना क्षेत्र के अलहदादपुर गांव निवासी शीलेन्द्र पुत्र स्व. नेत्रपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने वर्ष 2023 में अपने खेत का धान धनीपुर मंडी स्थित आकाश ट्रेडर्स की दुकान बी-71 पर बेचा था। धान की कुल कीमत 1.50 लाख रुपये बनी थी। इसमें आढ़त की ओर से उस समय केवल 10 हजार रुपये दिए गए और 1.40 लाख रुपये बाकी रह गए। शीलेन्द्र के अनुसार वह लगातार बकाया रकम मांगता रहा, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। पर्ची लेते ही बिगड़ी बात शीलेन्द्र के मुताबिक 30 सितंबर को वह बकाया रकम लेने आकाश ट्रेडर्स पहुंचा। वहां आढ़त मालिक आकाश ने उससे धान बिक्री की पर्ची ले ली। आरोप है कि कुछ देर बाद आकाश और उसका भाई रोकी पुत्र जगवीर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी विकलांगता को लेकर टिप्पणी की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर के मुताबिक इसके बाद दोनों भाइयों ने बेलचे से शीलेन्द्र पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर गया, जिसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसों से भी पीटा। हमले में उसकी आंख, नाक और सिर में चोटें आईं। शीलेन्द्र का आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों भाइयों ने उसे धमकी दी कि अगर वह दोबारा रुपये लेने यहां आया तो फिर उसकी पिटाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User