सीतापुर में लकड़ी मंडी के जाम में फंसे BJP विधायक:फोन पर SDM से बोले- तत्काल कार्रवाई करें; खड़े ट्रकों से राहगीर परेशान; वाहन सीज
सीतापुर के रामपुर मथुरा-गोड़ैचा मार्ग पर गोड़ैचा चौराहे के पास लकड़ी मंडी में ट्रकों की लोडिंग-अनलोडिंग के कारण शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जाम लग गया। इसी दौरान सेवता विधायक ज्ञान तिवारी जाम में फंस गए। वह कार से उतरे और महमूदाबाद एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी को फोन कर समस्या की जानकारी दी। विधायक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर खड़े ट्रक समेत कई वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की। ट्रकों के सड़क पर खड़े होने से जाम का आरोप
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लकड़ी मंडी कई वर्षों से इसी स्थान पर संचालित हो रही है। यहां लकड़ी की खरीद-बिक्री के साथ ट्रकों से लगातार लोडिंग-अनलोडिंग होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान ट्रक सड़क के बड़े हिस्से में खड़े कर दिए जाते हैं। इससे दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है और जाम की स्थिति बनती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंडी के आसपास दो विद्यालय भी हैं। ऐसे में स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को सड़क पर खड़े भारी वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है। मंडी में प्रतिबंधित लकड़ी के कथित आदान-प्रदान को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। जाम में फंसे तो एसडीएम को फोन किया
शुक्रवार को सेवता विधायक ज्ञान तिवारी इसी मार्ग से गुजर रहे थे। गोड़ैचा चौराहे के पास जाम मिलने पर उन्होंने कार रोकी और महमूदाबाद एसडीएम से फोन पर बात की। एसडीएम ने संबंधित पुलिस चौकी प्रभारी को मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने और सड़क पर खड़े वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि यह क्षेत्र उनकी विधानसभा में नहीं आता, लेकिन आमजन की समस्या कहीं भी हो, उसके समाधान के लिए आवाज उठाना उनका दायित्व है। महमूदाबाद वन रेंजर जावेद सिद्दीकी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)