मंडुवाडीह के पंखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग:दो मंजिला इमारत के पिलर झुके; करोड़ों के नुकसान की आशंका

Sep 28, 2026 - 12:45
0
मंडुवाडीह के पंखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग:दो मंजिला इमारत के पिलर झुके; करोड़ों के नुकसान की आशंका
वाराणसी के मंडुवाडीह इलाके में सोमवार भोर एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री परिसर धुएं और आग की लपटों से घिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फैक्ट्री में पंखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले तारपीन, सॉल्वेंट और अन्य ज्वलनशील केमिकल ड्रमों में रखे होने के कारण आग बुझाने में फायरकर्मियों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी। फैक्ट्री के मैनेजर अनादिशंकर गुप्ता के मुताबिक, रात में संतोष मौर्य गार्ड की ड्यूटी पर तैनात थे। भोर करीब चार बजे उन्होंने फैक्ट्री परिसर से धुआं उठता देखा। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी फैक्ट्री प्रबंधन और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। ज्वलनशील केमिकल के चलते बढ़ा खतरा फैक्ट्री परिसर में पंखा निर्माण के काम में इस्तेमाल होने वाले तारपीन, सॉल्वेंट समेत कई अन्य ज्वलनशील केमिकल ड्रमों में रखे थे। आग इन केमिकल तक पहुंचने के कारण स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी रही। इसी वजह से फायरकर्मियों ने बेहद सावधानी के साथ आग पर पानी का छिड़काव किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही वजह सामने आ सकेगी। संकरे रास्ते ने बढ़ाई फायर ब्रिगेड की मुश्किल फायर ब्रिगेड के अधिकारी विनोद पांडेय ने बताया कि फैक्ट्री तक पहुंचने वाला रास्ता काफी संकरा है। इसके चलते दमकल की बड़ी गाड़ियां फैक्ट्री के बिल्कुल पास तक नहीं पहुंच पा रही थीं। ऐसे में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को जीटी रोड पर खड़ा किया गया और लंबी पाइप लाइन के जरिए फैक्ट्री तक पानी पहुंचाकर आग बुझाने का काम किया गया। पानी खत्म होने के बाद दमकल की टीम ने चांदपुर स्थित एक फैक्ट्री से पानी भरवाया और दोबारा मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान जारी रखा। दमकलकर्मी लगातार कई घंटे तक आग पर काबू पाने में जुटे रहे। आसपास के घर कराए गए खाली आग की तेज लपटों और निकल रही भीषण गर्मी को देखते हुए मंडुवाडीह पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली कराया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, ताकि आग के फैलने की स्थिति में किसी तरह की जनहानि न हो। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर जुट गए, जिन्हें पुलिस ने घटनास्थल से दूर रखा। गर्मी से दो मंजिला इमारत के पिलर झुके आग की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री में उठ रही भीषण गर्मी के कारण दो मंजिला इमारत के पिलर आगे की ओर झुकने लगे। इससे भवन की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हो गया। फायरकर्मियों ने आसपास के हिस्सों को सुरक्षित रखते हुए लगातार पानी का छिड़काव किया। इमारत के कमजोर होने की आशंका को देखते हुए आग बुझाने के दौरान फायरकर्मियों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। टीमों ने आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने के साथ-साथ फैक्ट्री के भीतर मौजूद ज्वलनशील सामग्री को ध्यान में रखकर अभियान चलाया। करोड़ों के नुकसान की आशंका मैनेजर अनादिशंकर गुप्ता ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद फैक्ट्री में रखे स्टॉक और तैयार माल का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फैक्ट्री के डायरेक्टर संजीव जयपुरिया, जो ब्रिज एल्क्लेव, सुंदरपुर के निवासी हैं, फिलहाल हैदराबाद में हैं। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User