मंगल बाजार में वसूली को लेकर हंगामा:अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में फड़ विक्रेता महिलाओं से हाथापाई

Sep 30, 2026 - 08:47
0
मंगल बाजार में वसूली को लेकर हंगामा:अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में फड़ विक्रेता महिलाओं से हाथापाई
नुमाइश मैदान में थाना बन्नादेवी के सामने मंगलवार को लगने वाले मंगल बाजार में मंगलवार शाम फड़ लगाने वाली महिलाओं और वसूली करने वालों के बीच विवाद हो गया। तय रकम से अधिक वसूली की मांग को लेकर कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में गाली-गलौज भी सुनाई दे रही है। मंगल बाजार में हर मंगलवार बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष फड़ लगाकर कपड़े, घरेलू सामान समेत अन्य वस्तुएं बेचते हैं। फड़ विक्रेताओं के मुताबिक, यहां फड़ लगाने के एवज में वसूली की जाती है। मंगलवार शाम एक महिला फड़ विक्रेता से कथित तौर पर 50 रुपये की जगह 200 रुपये मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। महिला ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि वसूली करने वाले युवक नशे में थे और महिला के साथ अभद्रता करने लगे। इसके बाद विवाद बढ़ गया और हाथापाई शुरू हो गई। विवाद के दौरान मौके पर मौजूद अन्य फड़ विक्रेताओं और लोगों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया गया। घटना के बाद फड़ लगाने वाली कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रत्येक मंगलवार बाजार में वसूली करने वाले युवक शराब के नशे में पहुंचते हैं और तय रकम से अधिक पैसे मांगकर फड़ विक्रेताओं से विवाद करते हैं। महिलाओं का कहना है कि गरीब फड़ विक्रेताओं से अतिरिक्त रकम मांगना उनके लिए परेशानी का कारण बन रहा है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मंगल बाजार में वसूली और फड़ विक्रेताओं से कथित अभद्रता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से मामले में कोई कार्रवाई या शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User