मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा- कानून सबके लिए समान:विपक्ष हार की खीझ मिटाने के लिए चुनाव आयोग पर लगा रहा आरोप
मऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बुधवार देर शाम नगर पालिका के कमेटी हॉल में बातचीत के दौरान पंचायत चुनाव, सपा नेता आजम खान के खिलाफ ईडी की कार्रवाई और चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया दी। पंचायत चुनाव तीन महीने के भीतर कराने के हाईकोर्ट के आदेश पर उन्होंने कहा कि न्यायालय सर्वोपरि है और सरकार आदेश पर विचार करेगी। वहीं, आजम खान के खिलाफ ईडी की कार्रवाई पर कहा कि जांच एजेंसी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करती है और कानून सभी के लिए समान है।
पंचायत चुनाव पर सरकार करेगी विचार हाईकोर्ट के पंचायत चुनाव तीन महीने के भीतर कराने के आदेश से जुड़े सवाल पर परिवहन मंत्री ने कहा कि न्यायालय सर्वोपरि है। सरकार आदेश का अध्ययन कर कानून के अनुरूप आगे की कार्रवाई करेगी। हालांकि, उन्होंने चुनाव की तारीख या कार्यक्रम को लेकर कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई। सपा नेता आजम खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा एक और मुकदमा दर्ज किए जाने के सवाल पर दयाशंकर सिंह ने कहा कि जांच एजेंसी को जो साक्ष्य मिलते हैं, उनके आधार पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति सबका साथ, सबका विकास की है। कानून सभी के लिए समान है और कार्रवाई कानूनी प्रावधानों के अनुसार होनी चाहिए।
हार के बाद विपक्ष सवाल उठा रहा चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर मंत्री ने कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाता है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों को जनता का समर्थन मिल रहा है। अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और पूर्वांचल में असदुद्दीन ओवैसी की सक्रियता से जुड़े सवालों पर भी परिवहन मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी की राजनीति की आलोचना की और कहा कि इन गतिविधियों से भाजपा को कोई खास नुकसान होने की संभावना नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)