मंत्री राकेश सचान ने सपा की महापंचायत पर साधा निशाना:बोले- चुनाव से पहले सपा सरकार बनाने का दावा करेगी, 2027 में बीजेपी ही जीतेगी
फर्रुखाबाद में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान पहुंचे। उन्होंने विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर जिले में कई जगह बैठकें कीं। शाम करीब 5:30 बजे तक चले जनसंपर्क के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी की पीडीए महापंचायत पर निशाना साधा। मंत्री ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की ही सरकार बनेगी। मंत्री ने अमृतपुर और कायमगंज विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क कर भाजपा के पक्ष में वोट मांगे। अमृतपुर के मंझना गांव में उन्होंने पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह गंगवार के बेटों अतुल और अजय सिंह गंगवार, ग्राम प्रधान सत्येंद्र चतुर्वेदी समेत अन्य मतदाताओं से मुलाकात की। वहीं, कायमगंज में केशव शरण कांती देवी इंटर कॉलेज पहुंचकर शिक्षकों से भी संपर्क किया।
बोले- विधानसभा और विधान परिषद चुनाव दोनों अहम
राकेश सचान ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही विधान परिषद का चुनाव भी अहम है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूरे प्रदेश में मजबूती से चुनाव लड़ रही है और उसका संगठन हर बूथ तक सक्रिय है। उन्होंने कहा कि पार्टी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सभी सीटें जीतेगी। पीडीए महापंचायत पर भी उठाए सवाल
कन्नौज में सपा के पीडीए सम्मेलन में कुर्सियां खाली रहने से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि चुनाव से पहले सपा को लगता है कि वह सरकार बना लेगी, लेकिन जब नतीजे आएंगे तो भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की योजनाएं प्रदेश के 25 करोड़ लोगों तक पहुंच रही हैं और जनता इनसे प्रभावित है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में लोग भाजपा को वोट देकर फिर सरकार बनाएंगे।
सपा अध्यक्ष से मुलाकात पर दिया जवाब
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से हाल में हुई मुलाकात के सवाल पर राकेश सचान ने कहा कि वह सरकार में मंत्री हैं और विभिन्न दलों के नेताओं से मुलाकात होती रहती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के यहां चुनाव के दौरान मुलाकात हुई थी। दिल्ली जाने पर भी कई नेताओं से भेंट होती है। इसमें कोई नई बात नहीं है।
बैठक में भाजपा के कई नेता रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, डॉ. बीके गंगवार, मदारी गंगवार समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। मंत्री ने एमएलसी चुनाव में संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर सक्रियता को जीत का आधार बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)