मोबाइल गिरा, खाते से 2.05 लाख उड़ाए:अलीगढ़ में साइबर शातिर ने UPI बनाकर 7 दिन में निकाले रुपए, एफआईआर दर्ज
मोबाइल गिरना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। महुआखेड़ा क्षेत्र में मोबाइल गिरने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर उसी मोबाइल नंबर से बैंक खाते में UPI सक्रिय कर दिया और सात दिन में 2 लाख 5 हजार 728 रुपए निकाल लिए। पीड़ित का कहना है कि उसने कभी अपने मोबाइल से UPI के जरिए कोई लेनदेन नहीं किया और न ही उसके पास ATM कार्ड है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तालसपुर कलां निवासी जयचंद्र पुत्र राजाराम के मुताबिक 20 सितंबर की शाम करीब 5 बजे उनका मोबाइल कहीं गिर गया था। उन्होंने रात करीब 9 बजे मोबाइल नंबर बंद करा दिया। अगले दिन उन्होंने उसी नंबर की नई सिम भी निकलवा ली। इसके बावजूद उन्हें बाद में पता चला कि उनके स्टेट बैंक खाते से लगातार रकम निकाली गई है।
20 से 26 सितंबर तक ट्रांजेक्शन
पीड़ित के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति के हाथ उसका पुराना मोबाइल लग गया। आरोप है कि उसने मोबाइल का इस्तेमाल कर खाते से UPI के जरिए रकम निकालना शुरू कर दिया। 20 सितंबर से 26 सितंबर के बीच अलग-अलग लेनदेन में कुल ₹2,05,728 खाते से निकल गए।
जयचंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में साफ कहा है कि उन्होंने अपने मोबाइल से कभी UPI के जरिए रुपए नहीं निकाले। उनका यह भी कहना है कि उनके पास ATM कार्ड तक नहीं है। ऐसे में खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से मामले की जांच और रकम निकलवाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नई सिम लेने के बाद भी निकलती रही रकम
मामले में खास बात यह है कि मोबाइल खोने के अगले दिन ही पीड़ित ने उसी नंबर की नई सिम ले ली थी। इसके बावजूद 20 से 26 सितंबर के बीच खाते से रकम निकलती रही। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने किस तरह खाते में UPI सक्रिय किया और किन माध्यमों से लेनदेन किया। महुआखेड़ा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन और UPI लेनदेन से जुड़े विवरण के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)