मऊ में अधिवक्ताओं ने चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका:SIR के विरोध में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, बैलेट पेपर से चुनाव की मांग
मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना तहसील परिसर में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। अधिवक्ताओं ने निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन दोपहर करीब 3:30 बजे तक चला। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का आरोप था कि SIR के नाम पर मतदाता सूची में अनियमित तरीके से सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके चलते वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की आशंका है। अधिवक्ताओं ने कहा कि इससे नागरिकों के मतदान के मूलभूत अधिकार का हनन हो सकता है। राष्ट्रपति को भेजा पत्रक प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने एसडीएम मोहम्मदाबाद गोहना के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक भेजा। पत्रक में निर्वाचन आयोग द्वारा SIR के तहत मतदाता सूची में सत्यापन फार्म जोड़े जाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग संविधान के अनुच्छेद 324 और 329 के तहत प्राप्त अपनी शक्तियों की परिधि में रहकर ही निर्वाचन संबंधी कार्य करे। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से नागरिकता सत्यापन से जुड़ी प्रक्रिया को भी जोड़ा जा रहा है, जिसे तत्काल बंद करने के लिए निर्देश जारी किए जाने चाहिए। बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग अधिवक्ताओं ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से चुनाव कराए जाने का भी विरोध किया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित छेड़छाड़ को लेकर चिंता जताते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की। साथ ही निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता ओम प्रकाश, नगीना राम, महेंद्र समेत दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)