मऊ में डंपर ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंदा:एक का हाथ कटा, गैस सिलेंडर भरवाने जा रहे थे, घर में ब्रह्मभोज की तैयारी चल रही थी
मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढ़ुआ गोदाम गांव निवासी दो सगे भाई डंपर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बड़े भाई सौरभ राम (22) का दाहिना हाथ कटकर सड़क किनारे जा गिरा, जबकि छोटा भाई आर्यन (17) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ बजे सौरभ अपने छोटे भाई आर्यन के साथ बाइक से बकवल स्थित एचपी गैस गोदाम पर सिलेंडर भरवाने जा रहे थे। दोनों भाई अभी ताजोपुर स्थित सिंधी कुटी के पास पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ का दाहिना हाथ कटकर सड़क किनारे जा गिरा। वहीं, आर्यन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, सौरभ के बाबा सर्वजीत राम का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। 17 अक्टूबर को उनका ब्रह्मभोज होना था। परिवार में इसी कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। सौरभ के पिता रवि दुबई में रहते हैं और परिवार में हुई मौत की सूचना के बाद घर आए थे। परिवार पहले से ही गम में डूबा था, लेकिन दोनों बेटों के साथ हुए इस हादसे ने परिजनों को बुरी तरह तोड़ दिया। दोनों बेटों की गंभीर हालत और बड़े बेटे का हाथ कट जाने की खबर से मां नीलम समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में जहां बाबा के निधन के बाद ब्रह्मभोज की तैयारी चल रही थी, वहीं अब दोनों बेटों के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं की जा रही हैं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को थाने लाया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)