मऊ में नवरात्रि पर एसपी ने सुरक्षा जांची:दुर्गा पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर दिए निर्देश

Oct 11, 2026 - 08:01
0
मऊ में नवरात्रि पर एसपी ने सुरक्षा जांची:दुर्गा पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर दिए निर्देश
नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल संपन्न कराने के लिए मऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने शनिवार देर शाम जनपद के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मार्ग, शाही जामा मस्जिद सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस की तैयारियों का आकलन किया और संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पर्व के मद्देनजर संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी गश्त की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। एसपी ने धार्मिक आयोजनों के दौरान आपसी सौहार्द और साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए आमजन से संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया। पुलिस का उद्देश्य है कि नवरात्रि के दौरान सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके। मऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नवरात्रि पर्व को प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर ध्यान न दें और ऐसी सामग्री को आगे साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User