मऊ में नयन डेयरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी:60 लीटर दूध और 90 किलो मिल्क क्रीम नष्ट
मऊ। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कोपागंज क्षेत्र के देकवारा स्थित मेसर्स नयन डेयरी पर औचक छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित 60 लीटर दूध और 90 किलोग्राम मिल्क क्रीम को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। दोनों की कुल अनुमानित कीमत 29,400 रुपये बताई गई है। कार्यवाही शनिवार को देर शाम किया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मंजूषा सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नयन डेयरी का निरीक्षण किया।
मिलावट की आशंका के आधार पर स्किम्ड मिक्स मिल्क, सोडियम कार्बोनेट, खोया, स्किम्ड मिल्क पाउडर, घी और मिल्क क्रीम के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में दूध और दुग्ध उत्पादों का निर्माण होता पाए जाने के संबंध में प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
अभियान के दौरान मेसर्स अतुल एजेंसी, प्रोपराइटर अतुल कुमार जायसवाल के प्रतिष्ठान से कुट्टू के आटे और सिंघाड़े के आटे के नमूने भी संग्रहित किए गए। इसके अलावा मेसर्स हनुमान ट्रेडर्स, ब्रह्मस्थान, मेसर्स उर्मिला स्पाइसेज, सदर चौक तथा मेसर्स सत्यप्रकाश देवेन्द्र कुमार बर्नवाल, सदर चौक का निरीक्षण किया गया। विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को दिए निर्देश खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण के प्रति जागरूक किया। दुकानदारों को विशेष रूप से पुराने कुट्टू के आटे की बिक्री नहीं करने तथा दूध, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठानों एवं निर्माण परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने पर भी जोर दिया गया। छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मंजूषा सिंह के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना, अजीत कुमार त्रिपाठी, रीता, स्वामीनाथ, विजय प्रकाश और ओमप्रकाश यादव शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)