मऊ में शव के अंतिम संस्कार पर पुलिस पथराव मामला:ग्राम प्रधान समेत 31 नामजद, 70 अज्ञात पर मुकदमा; हेड कांस्टेबल घायल

Oct 05, 2026 - 08:04
0
मऊ में शव के अंतिम संस्कार पर पुलिस पथराव मामला:ग्राम प्रधान समेत 31 नामजद, 70 अज्ञात पर मुकदमा; हेड कांस्टेबल घायल
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर खोहिया गांव में बीते 30 सितंबर को मृतक जितेंद्र राजभर के शव का अंतिम संस्कार न करने और सड़क जाम करने की धमकी दे रहे लोगों ने पुलिस टीम को गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया था। जिसमें हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि कुछ अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। इसको लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चौकी प्रभारी की तहरीर पर हलधरपुर थाने में ग्राम प्रधान समेत 31 लोगों को नामजद करते हुए 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रतनपुरा चौकी प्रभारी संजय कुमार उपाध्याय की तहरीर के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम भीमपुरा तिराहा से विलौझा मार्ग पर एक मकान के पास जितेंद्र राजभर का शव पड़ा मिला था। आसपास के लोगों ने बताया कि जितेंद्र शराब का अधिक सेवन करता था और रतनपुरा निवासी पप्पू गुप्ता के यहां मजदूरी एवं वाहन चलाने का काम करता था। घटना के दिन भी अधिक शराब पीने और पप्पू गुप्ता के मकान की सीढ़ी के पास पड़ा होने की जानकारी पुलिस को मिली। शव मिलने के बाद मृतक के भतीजे रोशन राजभर और अन्य ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई और पप्पू गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। पुलिस के मुताबिक कुछ लोग पप्पू गुप्ता से रुपये की मांग भी कर रहे थे। बाद में समझाने पर शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। लेकिन शव घर पहुंचाए जाने के बाद परिजन और ग्रामीण दाह संस्कार नहीं करने की बात कहने लगे। देखते ही देखते मौके पर काफी भीड़ जुट गई। शांति व्यवस्था के लिए थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी भी पहुंची। वहीं पुलिस का आरोप है कि ग्राम प्रधान राम प्रवेश राजभर और विश्राम राजभर के इशारे पर भीड़ ने पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए ललकारा और ईंट-पत्थर चलाकर हमला कर दिया। हमले में हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल सीएचसी जोगापुर रतनपुरा भेजा गया। वहीं गांव में अफरातफरी और भय का माहौल पैदा हो गया। काफी प्रयास के बाद भी ग्रामीण दाह संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी और परिजनों को समझाने के बाद एक अक्तूबर को अंतिम संस्कार कराया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User