मोरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को कुचला, मौत:सचेंडी में भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पीटकर पुलिस के हवाले किया
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में भाऊपुर के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार डीसीएम मालिक संजीव कुमार (35) को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से संजीव बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने लगा, तभी सड़क पर पड़े संजीव दोबारा ट्रॉली के पहिये की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से कुचलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली है। डीसीएम ट्रांसपोर्ट नगर में खड़ी कर बाइक से घर जा रहे थे कानपुर देहात के रसूलाबाद वार्ड नंबर छह निवासी संजीव कुमार डीसीएम मालिक थे और ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को वह डीसीएम लेकर ट्रांसपोर्ट नगर आए थे। काम पूरा करने के बाद डीसीएम वहीं खड़ी कर बाइक से घर के लिए निकले थे। देर शाम भाऊपुर के पास हाईवे पर पीछे से आई तेज रफ्तार मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भागने के प्रयास में दोबारा पहिये की चपेट में आए प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद संजीव सड़क पर गिर पड़े। चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन पकड़े जाने के डर से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने लगा। इसी दौरान सड़क पर पड़े संजीव ट्रॉली के पहिये की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से कुचलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देखकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और चालक का पीछा कर कुछ दूरी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेर लिया। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। डायल-112 में तैनात कांस्टेबल के जीजा थे संजीव सूचना पर पहुंची सचेंडी पुलिस ने चालक को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया। संजीव के छोटे भाई राजीव ने बताया कि उनके बड़े भाई के साले सत्येंद्र डायल-112 में कांस्टेबल हैं और फिलहाल सचेंडी क्षेत्र में पीआरवी पर तैनात हैं। संजीव की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल संजीव के परिवार में पत्नी सिंपल देवी, बेटा लविश, बेटी लाजो, मां ज्ञान देवी और छोटा भाई राजीव हैं। परिजनों के मुताबिक, संजीव ही परिवार की जिम्मेदारियां संभालते थे। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी सिंपल देवी बदहवास हो गईं। पोस्टमार्टम हाउस में शव पहुंचते ही परिजन बिलख पड़े। पति का शव देखकर सिंपल देवी बेसुध हो गईं। बच्चों को पिता के शव के पास रोते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। तहरीर मिलने पर दर्ज होगी एफआईआर थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक को हिरासत में लिया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)