मतदाता सूची से नाम हटाने पर कांग्रेस का प्रदर्शन:चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप, EVM की जगह बैलेट पेपर की मांग
अम्बेडकरनगर में मतदाता सूची से नाम विलोपन और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता अम्बेडकर प्रतिमा के पास एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए SIR पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने आरोप लगाया कि देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से किसी व्यक्ति का नाम हटना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उसके लोकतांत्रिक अधिकार को प्रभावित करने वाला विषय है। कांग्रेस ने इसे ‘वोट चोरी’ करार देते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। इससे वास्तविक मतदाताओं के मतदान के अधिकार पर संकट पैदा हो सकता है। पार्टी ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और नाम विलोपन से पहले पर्याप्त सत्यापन सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े सवालों का जवाब सार्वजनिक और पारदर्शी तरीके से दिया जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सड़क से संसद तक आंदोलन करने और चक्का जाम जैसे कदम उठाने की बात कही गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रखने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)