मथुरा के स्कूलों में बनेंगे मतदाता साक्षरता क्लब:छात्रों को लोकतंत्र और मतदान के महत्व के बारे में बताया जाएगा

Oct 18, 2026 - 17:20
0
मथुरा के स्कूलों में बनेंगे मतदाता साक्षरता क्लब:छात्रों को लोकतंत्र और मतदान के महत्व के बारे में बताया जाएगा
मथुरा में विद्यार्थियों में लोकतंत्र, संविधान और मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से जिले के विद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) गठित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यालयों में क्लबों के गठन, पंजीकरण और नियमित संचालन की जानकारी दी गई। कार्यशाला में जिला मास्टर ट्रेनर डॉ. अखिलेश यादव ने प्रधानाचार्यों और संबंधित शिक्षकों को मतदाता साक्षरता क्लब की आवश्यकता, उद्देश्य और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही निर्वाचन प्रक्रिया और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना जरूरी है। इसके साथ ही संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों की समझ विकसित करना भी आवश्यक है। डॉ. अखिलेश यादव ने कहा कि विद्यालयों में गठित होने वाले मतदाता साक्षरता क्लब विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र की पाठशाला के रूप में काम करेंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, मतदान का महत्व और निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक बनाकर भविष्य में जिम्मेदार मतदाता और सजग नागरिक के रूप में तैयार करना है। उन्होंने प्रधानाचार्यों से कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में मतदाता साक्षरता क्लब का गठन और पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही क्लब की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की निर्वाचन संबंधी समझ मजबूत हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालयों में मतदाता जागरूकता को लेकर किए जाने वाले नवाचार और गतिविधियां प्रभावी होनी चाहिए। एक विद्यालय की अच्छी पहल दूसरे विद्यालयों के लिए प्रेरणा बने। इस अभियान के माध्यम से युवाओं में लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की समझ विकसित कर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User