ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत:मेरठ में परतापुर फ्लाईओवर के नीचे दिल्ली-हरिद्वार रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा
मेरठ के परतापुर फ्लाईओवर के नीचे दिल्ली-हरिद्वार रेलवे ट्रैक पर शनिवार रात ट्रेन की चपेट में आने से 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान शताब्दीनगर सेक्टर-4सी निवासी शीला पत्नी लालू के रूप में हुई। वह शनिदेव मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर घर लौट रही थी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर बेटी सोनम उसे तलाशने निकली। रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मियों ने सोनम को संभाला। काफी देर तक घर नहीं पहुंची थी शीला शीला अपने बेटे अभिषेक और बेटी सोनम के साथ किराये के मकान में रहती थी। चार दिन पहले पति लालू के गांव से फोन आया था, जिसके बाद वह जरूरी काम से अपने गांव खुनशेरपुर, मऊ चले गए थे। बेटा अभिषेक भी उनके साथ गया था। घर पर शीला अपनी बेटी सोनम के साथ रह रही थी। शनिवार को शीला सुभारती के पास काम करने गई थी। इसके बाद वह डूंगरावली गांव के सामने स्थित शनिदेव मंदिर में दर्शन करने पहुंची। रात में काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो सोनम उसे तलाशने निकली। रेलवे फाटक के पास मिली हादसे की जानकारी सोनम के मुताबिक, उसकी मां हर शनिवार को शनिदेव मंदिर में दर्शन करने जाती थी। मंदिर में भीड़ होने के कारण कई बार उसे लौटने में देर हो जाती थी। शनिवार रात वह पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ मां को तलाशने मंदिर पहुंची। वहां पता नहीं चलने पर दोनों वापस लौटने लगे। इसी दौरान परतापुर रेलवे फाटक के पास राहगीरों ने एक महिला के ट्रेन की चपेट में आने की जानकारी दी। सोनम रेलवे ट्रैक की ओर पहुंची तो वहां उसकी मां का शव पड़ा था। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला। बेटी की शादी के लिए जोड़ रही थी पैसे पड़ोसियों के अनुसार, शीला नौकरी करके बेटी सोनम की शादी के लिए पैसे जोड़ रही थी। वह बेटी की शादी धूमधाम से करना चाहती थी। हादसे में उसकी मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)