मथुरा में 2 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर:9 हजार वर्गमीटर में बिना मंजूरी हो रहा था निर्माण; MVDA की कार्रवाई से मचा हड़कंप
मथुरा में मंगलवार को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) ने दो अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर दोनों जगह किए जा रहे अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर दिया। उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन के निर्देश पर सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने यमुनापार थाना पुलिस के साथ कार्रवाई की। टीम के बुलडोजर लेकर पहुंचते ही कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया। 4 हजार वर्गमीटर में विकसित हो रही थी कॉलोनी पहली कार्रवाई गोपालपुर, बल्देव रोड और लक्ष्मीनगर क्षेत्र में की गई। प्राधिकरण के अनुसार यहां प्रमोद नौहवार, बहादुर सिंह, चित्तर प्रधान, कुशल ठकुरैला और विकास सिनसिनवार करीब 4 हजार वर्गमीटर में भू-विभाजन कर कॉलोनी विकसित कर रहे थे। प्राधिकरण की अनुमति और स्वीकृत मानचित्र के बिना निर्माण किए जाने की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी। ध्वस्तीकरण के आदेश जारी होने के बावजूद तय समय में अनधिकृत निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण ध्वस्त कर दिया। श्याम एन्क्लेव में भी कार्रवाई दूसरी कार्रवाई मथुरा-राया रोड पर भास्कर अस्पताल के पास से करीब 300 मीटर दाईं ओर स्थित श्याम एन्क्लेव, अंबेडकर नगर कॉलोनी में हुई। प्राधिकरण के मुताबिक यहां महावीर, सौरव और बिट्टू करीब 5 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में कॉलोनी विकसित कर रहे थे। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण को लेकर पहले ही ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए थे। तय समय में निर्माण नहीं हटाए जाने पर मंगलवार को बुलडोजर चलाकर अनधिकृत निर्माण ध्वस्त कर दिया गया। प्लॉट खरीदने से पहले जांच की अपील कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता और मानचित्र स्वीकृति की जानकारी जरूर कर लें। प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक अवैध कॉलोनियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)