मथुरा में 540 सफाईकर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी:प्रशिक्षण के बाद काम नहीं मिलने से नाराज; DM को सौंपा ज्ञापन
मथुरा में प्रशिक्षण पूरा करने के बावजूद काम पर नहीं लिए जाने से नाराज महिला और पुरुष सफाईकर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे सफाई कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को जल्द काम पर लेने की मांग की। कर्मचारी प्रतिनिधियों के अनुसार, प्रशिक्षण प्राप्त सफाईकर्मियों के रोजगार को लेकर पिछले करीब तीन महीने से नगर निगम प्रशासन के साथ पत्राचार और मौखिक बातचीत चल रही थी। उनका आरोप है कि 10 से 15 दिन का प्रशिक्षण पूरा कराने के बाद भी कर्मचारियों को काम नहीं दिया गया। इसके विरोध में 22 सितंबर को करीब 540 कर्मचारी नगर निगम परिसर में एकत्र हुए थे। 25 सितंबर तक काम पर लेने का मिला था आश्वासन प्रतिनिधियों का कहना है कि उस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह ने नगर आयुक्त के हवाले से 25 सितंबर तक कर्मचारियों को काम पर लेने का आश्वासन दिया था। तय समय तक कार्रवाई नहीं होने पर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई। कमेटी ने 30 सितंबर को अपनी रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी, लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। सात सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू हुई हड़ताल कर्मचारी प्रतिनिधियों ने बताया कि एक अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती की पूर्वसंध्या पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संयुक्त कार्यकारिणी ने प्रशासन के सामने सात सूत्रीय मांगें रखीं। प्रशासन को मांगों पर कार्रवाई के लिए 24 घंटे का समय दिया गया था। सकारात्मक पहल नहीं होने पर कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया। सोमवार को हड़ताल का दूसरा दिन रहा। बोले- रोजगार और अधिकारों की लड़ाई कर्मचारी प्रतिनिधियों ने कहा कि वे गरीब और दलित वाल्मीकि समाज के सफाईकर्मियों के रोजगार और अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर प्रशिक्षण प्राप्त सफाईकर्मियों को काम पर लेने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)