मथुरा में अखिलेश यादव की हिरासत पर सपा का प्रदर्शन:कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, पोस्टर जलाए
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में मथुरा में भी सपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने शहर के हृदय स्थल होली गेट पर प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका पोस्टर जलाए और केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित तौर पर वोट चोरी की गई है। उनका कहना था कि इसी मुद्दे को लेकर पूरे देश में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। सपा नेताओं ने कहा कि दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। मथुरा के कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है। विपक्षी नेताओं को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाताओं के अधिकार और चुनाव की निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद हैं। यदि चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की जांच की मांग भी उठाई। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए धरना-प्रदर्शन सहित बड़े आंदोलन किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)