मथुरा में चलती कार में लगी आग:नरहौली चौराहे पर हुआ हादसा, चार लोगों ने कूदकर बचाई जान, कार जलकर खाक
मथुरा में सोमवार दोपहर करीब एक बजे हाईवे थाना क्षेत्र के नरहौली चौराहे पर आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलते समय क्विड कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार चार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे में चारों लोग सुरक्षित बच गए, जबकि कार पूरी तरह जल गई। हाईवे थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि राहगीरों के माध्यम से नरहौली चौराहे पर एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। मौके पर क्विड कार में आग लगी हुई थी। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना देकर दमकल वाहन बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। पुलिस के अनुसार, कार का पंजीकरण नंबर आरजे 14 एससी 3684 है। इसमें पीलीभीत जिले के बीसलपुर क्षेत्र निवासी मोहम्मद इरफान (48), उनके पुत्र मोहम्मद आरिफ (46), रिहाना बानो (24) और साहिल सवार थे। चारों लोग बीसलपुर से राजस्थान के सवाई माधोपुर जा रहे थे। इसी दौरान नरहौली चौराहे के पास चलते-चलते कार में अचानक आग लग गई। कार में आग लगते ही सवारों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को भांपते हुए चारों लोग तत्काल कार से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरी कार जलने लगी। सड़क पर चलती कार में आग लगने से आसपास के लोगों का ध्यान भी घटनास्थल की ओर गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दमकल की मदद से आग बुझवाई। थाना प्रभारी ने बताया कि कार में सवार सभी चारों लोग सकुशल हैं। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चलते समय कार के हीट होने से आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)