मथुरा में धान की आवक बढ़ी:नगर मजिस्ट्रेट ने मंडी का औचक निरीक्षण कर सुनीं समस्याएं, सफाई-जाम पर दिए निर्देश

Oct 08, 2026 - 12:28
0
मथुरा में धान की आवक बढ़ी:नगर मजिस्ट्रेट ने मंडी का औचक निरीक्षण कर सुनीं समस्याएं, सफाई-जाम पर दिए निर्देश
मथुरा में धान की लगातार बढ़ रही आवक के मद्देनजर नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने कृषि उत्पादन मंडी समिति का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गल्ला मंडी और सब्जी मंडी का जायजा लेकर किसानों, व्यापारियों और उनके प्रतिनिधियों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में खाली पड़े स्थानों की स्थिति देखी गई। नगर मजिस्ट्रेट ने इन स्थानों की तत्काल साफ-सफाई कराने और अतिरिक्त कृषि वाहनों को खड़ा करने के लिए होल्डिंग एरिया चिह्नित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी सचिव को अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती कर परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। धान की आवक बढ़ने से मंडी परिसर में वाहनों की संख्या बढ़ने और जाम की स्थिति को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने आवागमन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने और जाम की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। किसानों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडी परिसर में पानी के टैंकर की उपलब्धता भी तत्काल सुनिश्चित कराई गई। नगर मजिस्ट्रेट ने गल्ला मंडी और सब्जी मंडी के व्यापारियों तथा किसानों से अपील की कि मंडी परिसर की सीमा तक ही कारोबार करें। खाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मंडी में चिह्नित किए गए रिक्त स्थानों पर ही खड़ा किया जाए, ताकि मुख्य मार्गों पर वाहनों के खड़े होने से जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। नगर मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को मंडी में किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव रेनू वर्मा सहित व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और व्यापारी सूरजभान, धर्मचंद्र, आलोक शर्मा, अशोक सिंह, रामवीर सिंह, विष्णु, सब्जी मंडी व्यापारी जितेंद्र चौधरी, मौ. सईद, मौ. कामरान आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User