मथुरा में गन्ने का दाम 500 रुपए करने की मांग:डीएम कार्यालय पर किसानों का धरना-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

Oct 16, 2026 - 16:30
0
मथुरा में गन्ने का दाम 500 रुपए करने की मांग:डीएम कार्यालय पर किसानों का धरना-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
मथुरा में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले शुक्रवार को किसान और किसान कार्यकर्ता विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में बैठकर काफी देर तक नारेबाजी की और धरना-प्रदर्शन किया। आगरा मंडल उपाध्यक्ष मुकेश कुमार रावत के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। किसानों ने आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का राज्य परामर्शी मूल्य बढ़ाकर 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने और गन्ना मूल्य का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। संगठन का कहना है कि डीजल, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और कृषि मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। बारिश से बर्बाद फसलों के मुआवजे की मांग मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में असमय बारिश और तेज हवाओं से धान, उड़द, मूंग सहित अन्य फसलों को हुए नुकसान का गांववार सर्वे कराने की मांग की गई। किसानों ने प्रभावितों को वास्तविक क्षति के आकलन के आधार पर शीघ्र मुआवजा और फसल बीमा का भुगतान दिलाने की मांग उठाई। खेतों और खलिहानों में रखी उपज को हुए नुकसान को भी नियमानुसार राहत में शामिल करने की मांग की गई। आलू बीज सस्ता करने और खाद की उपलब्धता पर जोर भाकियू ने आलू के बीज की कीमत घटाकर अधिकतम 1500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। संगठन का कहना है कि उद्यान विभाग द्वारा 3600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बीज उपलब्ध कराने से किसानों की लागत बढ़ रही है। इसके अलावा कोल्ड स्टोर के किराये में सहायता का लाभ उन किसानों को भी देने की मांग की गई, जिन्होंने शासनादेश जारी होने से पहले आलू निकाल लिया था। ज्ञापन में ठेके और बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी मुआवजे का लाभ देने तथा यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। किसानों ने खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User