मथुरा में जमीन का फर्जीवाड़ा:आधार में फोटो बदलकर बनाए दस्तावेज, 17 लाख की ठगी में 3 पकड़े

Sep 28, 2026 - 10:03
0
मथुरा में जमीन का फर्जीवाड़ा:आधार में फोटो बदलकर बनाए दस्तावेज, 17 लाख की ठगी में 3 पकड़े
मथुरा की रिफाइनरी थाना पुलिस ने कृषि भूमि के नाम पर 17 लाख रुपए की जालसाजी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने असली भूमिधारकों की जगह दूसरे लोगों को खड़ा किया। उनके आधार कार्ड में फोटो बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए। इसके बाद फर्जी इकरारनामा के जरिए 17 लाख रुपए ले लिए गए। पुलिस ने तीनों को रविवार दोपहर अलग-अलग जगहों से पकड़ा। गिरफ्तारी की जानकारी रात करीब 9 बजे दी गई। पुलिस के मुताबिक राधा माधव नगर निवासी अनिल कुमार शर्मा की शिकायत पर रिफाइनरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले मिर्जापुर निवासी सुगड़ सिंह, पींगरी निवासी निरंजन सिंह और राल निवासी कैलाश को गिरफ्तार किया था। तीनों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि खेड़िया निवासी रूपेंद्र सिंह और देवी सिंह की कृषि भूमि को लेकर फर्जीवाड़े की साजिश रची गई थी। आरोप है कि असली भूमिधारक रूपेंद्र सिंह की जगह सुगड़ सिंह और देवी सिंह की जगह निरंजन सिंह को खड़ा किया गया। दोनों के आधार कार्ड में फोटो बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर शिकायतकर्ता के पक्ष में फर्जी इकरारनामा कराया गया और 17 लाख रुपए ले लिए गए। तीन जगहों से पकड़े गए आरोपी विवेचना में वांछित चल रहे दिनेश पाराशर (44), अरुण कुमार (35) और जगराम (31) के नाम सामने आए। पुलिस ने रविवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया। दिनेश पाराशर को थाना जैत के सामने खोखे के पास से पकड़ा गया। अरुण कुमार की गिरफ्तारी कल्याण गार्डन, रांची बांगर से हुई। जगराम को वृंदावन के चैतन्य बिहार स्थित गीतामणि धाम होटल के रिसेप्शन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार जगराम के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। अब पुलिस तीनों से पूछताछ कर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में शामिल अन्य लोगों और पूरी साजिश में उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User