मथुरा में कॉलोनी के साझेदारों में फायरिंग:पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पार्टनर के पेट में लगी गोली, हालत नाजुक

Oct 17, 2026 - 19:55
0
मथुरा में कॉलोनी के साझेदारों में फायरिंग:पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पार्टनर के पेट में लगी गोली, हालत नाजुक
मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में शनिवार को पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में राधा सिग्नेचर कॉलोनी के साझेदारों के बीच फायरिंग हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद दो लोगों ने अपने साथी पर गोली चला दी। एक गोली बृजलाल शर्मा उर्फ बंटू के पेट में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, श्रीजी गार्डन-2 के सामने गंगानगर कॉलोनी निवासी बृजलाल शर्मा उर्फ बंटू अपने साझेदार घनश्याम, दीनदयाल, चंदन गौतम और राहुल गौतम के साथ राधा सिटी के पास राधा सिग्नेचर नाम से कॉलोनी विकसित कर रहे हैं। कॉलोनी के लिए सभी साझेदारों ने मिलकर कई किसानों की जमीन खरीदी थी। शनिवार को किसानों की जमीन के लेनदेन का हिसाब करने के लिए कॉलोनी के कार्यालय में बैठक चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान बृजलाल शर्मा उर्फ बंटू और चंद्रप्रकाश उर्फ चंदन गौतम के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर चंदन गौतम और राहुल गौतम ने बंटू पर फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाकर भागने के प्रयास में बंटू के पेट में गोली लग गई। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बैठक में मौजूद अन्य लोग अपनी-अपनी कार लेकर वहां से चले गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद निर्वाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया और मामले की जानकारी जुटाई। एक आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश सीओ प्रवीण तिवारी ने बताया कि चंद्रप्रकाश उर्फ चंदन गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद और फायरिंग के मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User