मथुरा में महिला कार्यकर्ता से मारपीट:मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुआ था विवाद
मथुरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर हुए कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट और विवाद के मामले में पुलिस ने शुक्रवार शाम कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। महिला कार्यकर्ता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बहुआ था। नौहझील थाना क्षेत्र के सद्दीकपुर गांव निवासी आशा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ अक्तूबर को वह कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थीं। आरोप है कि वहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, विवेक धनगर और राजन पाठक के चालक ने उनके साथ अभद्रता की। महिला का आरोप है कि जिलाध्यक्ष के कहने पर तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। आशा के अनुसार, उनके पति ज्ञान सिंह ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। महिला ने तहरीर में पति को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम को शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। सिविल लाइंस चौकी प्रभारी मोनू कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष जांच के बाद ही प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी छवि धूमिल कर रही है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि विवाद के दौरान वह मौके पर मौजूद नहीं थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)