मथुरा में मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार:पुलिस को देखते ही फायरिंग करके भाग रहे थे, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
मथुरा की थाना रिफाइनरी क्षेत्र में इंजीनियर दंपति के साथ चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कोयला अलीपुर के पास राया की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु की चेन और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चेन स्नेचिंग के मामले में वांछित दोनों बदमाश दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद थाना रिफाइनरी पुलिस और रिवॉर्डेड टीम ने शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे कोयला अलीपुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक गिर गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। इसके बाद दूसरे बदमाश ने आत्मसमर्पण कर दिया। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान सूरज उर्फ कालिया (28) पुत्र जगदीश, निवासी रोशन विहार, थाना जमुनापार, के रूप में की है। उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुए। दूसरे बदमाश की पहचान प्रकाश (25) पुत्र हरिओम, निवासी रोशन विहार, थाना जमुनापार, के रूप में हुई है। उसके पास से पीली धातु की चेन बरामद की गई। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)