मथुरा में मिशन शक्ति के तहत निकला शक्ति मार्च:महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक, छात्राओं ने भी लिया हिस्सा
मथुरा में सोमवार को शारदीय नवरात्रि के दौरान मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मथुरा में शक्ति मार्च निकाला गया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आलोक राज नारायण और सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन से निकाले गए मार्च में महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं और अन्य महिलाओं ने भाग लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा महिला अपराधों की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाना है। शक्ति मार्च के माध्यम से महिलाओं को बिना किसी भय के अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने का संदेश दिया गया। कानूनी अधिकारों की जानकारी दी मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित मिशन शक्ति टीमों द्वारा भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पुलिसकर्मी महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और कानूनी अधिकारों की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा अन्य किसी अपराध का सामना करने पर बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। पुलिस द्वारा महिला हेल्प डेस्क तथा अन्य सहायता माध्यमों के बारे में भी बताया जा रहा है। मथुरा पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना और महिला सुरक्षा के प्रति सामाजिक सहभागिता बढ़ाना है। पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए अभियान को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)