नोएडा में 500 छात्राओं ने निकाली महिला सशक्तिकरण रैली:सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक, मिशन शक्ति 6.0 के तहत सेक्टर-51 से निकला पैदल मार्च
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिला सशक्तिकरण रैली निकाली। सेक्टर-51 स्थित ग्राम होशियारपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से निकाले गए पैदल मार्च में करीब 500 छात्राओं ने हिस्सा लिया।
रैली के जरिए लोगों को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनके अधिकारों का सम्मान करने और उन्हें समान अवसर देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया।
महिला हेल्पलाइन और योजनाओं की दी जानकारी
पैदल मार्च का नेतृत्व डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीती ने किया। कार्यक्रम में एडीसीपी महिला सुरक्षा मनीषा सिंह, थाना सेक्टर-49 की मिशन शक्ति टीम और महिला थाना पुलिस ने समन्वय के साथ भाग लिया। इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों, उनके अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि उत्पीड़न या दुर्व्यवहार की स्थिति में पुलिस से मदद लेनी चाहिए।
कई विभागों ने किया जागरूक
कार्यक्रम में आशा बहुओं, होमगार्ड, एएनएम, शिक्षकों और सफाईकर्मियों ने भी सहयोग किया। विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी साझा की।
नोएडा जोन के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति, स्वयं सिद्धा और एंटी रोमियो टीमों ने भी भाग लिया। छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला सम्मान में भागीदारी की अपील
शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करना और आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। पुलिस ने लोगों से महिलाओं और बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा किसी भी तरह के उत्पीड़न की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)