मथुरा में NHM कर्मचारियों का धरना जारी, पूर्व विधायक पहुंचे:श्याम सुंदर शर्मा ने लखनऊ तक मांगें पहुंचाने का दिया आश्वासन, नियमितीकरण की मांग

Oct 09, 2026 - 16:21
0
मथुरा में NHM कर्मचारियों का धरना जारी, पूर्व विधायक पहुंचे:श्याम सुंदर शर्मा ने लखनऊ तक मांगें पहुंचाने का दिया आश्वासन, नियमितीकरण की मांग
मथुरा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर चल रहा तीन दिवसीय धरना शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर हाल ही में कांग्रेस में शामिल पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर पहुंचे। उन्होंने एनएचएम कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि लखनऊ जाकर उनकी मांगों को सक्षम स्तर तक अवश्य पहुंचाएंगे। धरने का नेतृत्व कर रहे एनएचएम कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अमर गोपाल अत्री ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इसी के चलते सीएमओ कार्यालय पर तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगें नहीं मानी गईं तो 12 अक्टूबर से प्रदेश के सभी 75 जिलों के एनएचएम कर्मचारी लखनऊ में धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे। नियमितीकरण और समान वेतन समेत छह प्रमुख मांगें एनएचएम कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में स्वास्थ्य विभाग में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और सभी कर्मचारियों को कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) व ग्रेच्युटी का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा कर्मचारी ठेका प्रथा समाप्त करने और स्पष्ट स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग भी कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनका कहना है कि नियमितीकरण, वेतन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी मांगों पर निर्णय होने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी। विभिन्न विभागों के संविदा कर्मचारी हुए शामिल धरने में दया शंकर, गोविंद, विवेक सारस्वत, नारायण सिंह और मोहन सहित जनपद के विभिन्न ब्लॉक तथा शहरी क्षेत्र के संविदा चिकित्सक, एएनएम, प्रोग्राम मैनेजर, अकाउंट मैनेजर, कम्युनिटी मैनेजर और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखने की बात कही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User