मथुरा में पुलिस पेंशनर्स की बैठक, सुनी गईं शिकायतें:स्वास्थ्य जांच के साथ बांटी गईं दवाएं, 50 से 60 सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी हुए शामिल
मथुरा पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे पुलिस पेंशनर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब 50 से 60 सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और पेंशनरों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशनरों का हालचाल जानने के साथ उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस पेंशनर्स संघ के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व पुलिसकर्मी हीरालाल भगौर ने बताया कि बैठक में करीब 5-6 पेंशनरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र सौंपे। इन आवेदनों को त्वरित समाधान के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया। बैठक में मौजूद कर्मचारियों ने पेंशनरों को बीमारी से संबंधित चिकित्सीय बिल जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। बैठक के दौरान पुलिस अस्पताल और पुलिस वेलफेयर की ओर से पेंशनरों के लिए विशेष स्वास्थ्य परामर्श और दवा वितरण की व्यवस्था की गई। डॉक्टरों ने पेंशनरों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और आवश्यक परामर्श दिया। इसके बाद करीब 50 पेंशनरों को उनकी जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की गईं। इनमें पेट में गैस, मल्टीविटामिन तथा नाक-कान से जुड़ी समस्याओं की दवाएं शामिल रहीं। डॉ. भूदेव सिंह ने बताया कि पुलिस पेंशनर्स के स्वास्थ्य को लेकर विभाग की ओर से लगातार ध्यान दिया जा रहा है। पेंशनरों को समय-समय पर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पेंशनरों को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर व सुविधाएं जारी रखी जाएंगी। बैठक में पेंशनरों ने स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस अस्पताल और पुलिस वेलफेयर का आभार जताया। वहीं, अधिकारियों ने पेंशनरों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक के समापन पर आरआई की ओर से सभी उपस्थित पेंशनरों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसके बाद बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)