मथुरा में युवा कांग्रेस नेताओं के घर पुलिस तैनात:मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन के बीच 12 अक्टूबर तक नजरबंदी का आरोप

Oct 07, 2026 - 20:15
0
मथुरा में युवा कांग्रेस नेताओं के घर पुलिस तैनात:मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन के बीच 12 अक्टूबर तक नजरबंदी का आरोप
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच मथुरा में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं के आवासों पर पुलिस बल तैनात किए जाने का मामला गरमा गया है। इसको लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया । कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को मानसिक उत्पीड़न और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। मामले को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय पर आपातकालीन प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता पूर्व मंत्री पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने की। कांग्रेस के अनुसार, जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर मथुरा कोतवाली पुलिस ने नेताओं को सूचित किया है कि शासन के निर्देश पर 12 अक्टूबर तक उनके आवासों पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहेगी और उन्हें नजरबंद रखा जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि इससे नेताओं के परिजनों में भय और असुरक्षा का माहौल है। कांग्रेस के मुताबिक, अनाम धन्य तिवारी एडवोकेट, प्रदेश महासचिव उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस, प्रवीण ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस, दुर्गेश बघेल, जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस और हर्ष चौरसिया, जिलाध्यक्ष एनएसयूआई के आवासों पर पुलिस तैनात की गई है। प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि उनकी राजनीति की शुरुआत भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में हुई थी। वह हर परिस्थिति में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का पतन निकट है और पुलिस के बल पर विपक्ष का दमन स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क से संसद तक आवाज उठा रहे हैं। सरकार पुलिस के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है, लेकिन कार्यकर्ता अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। प्रेस वार्ता में राजन पाठक, रूपा लवानिया, सतेंद्र सिंह परिहार, हिमांशु शर्मा, भूपेंद्र उपाध्याय, नीशू यादव, मनोज गौड़ और अप्रतिम सक्सेना समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User