मथुरा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला:गोकुल में रामलीला मैदान के पास हुई घटना, परिवार में मचा कोहराम; पुलिस जांच में जुटी
मथुरा में रामलीला मैदान के समीप बुधवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू कर दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान गोकुल निवासी अनुज माहौर (35) पुत्र श्रीपाल के रूप में हुई है। मृतक के छोटे भाई मनोज ने बताया कि अनुज मंगलवार सुबह मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। काम करने के बाद वह शाम को घर लौट आया। उस समय उसका मन उदास था। रात करीब आठ बजे वह सब्जी लेने के बहाने साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह रामलीला मैदान के समीप पेड़ से उसका शव लटका मिलने की जानकारी मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में पत्नी के अलावा तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है। तनाव में रहने की बात आई सामने घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक चेतराम शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक के तनाव में रहने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)