मथुरा नगर निगम की जनसुनवाई में 11 शिकायतें मिलीं:एक का मौके पर ही निपटारा, बाकी पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए
मथुरा में मंगलवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मथुरा-वृंदावन नगर निगम की ओर से भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में संभव दिवस के तहत जनसुनवाई आयोजित की गई। अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह ने भूतेश्वर जोन में लोगों की शिकायतें सुनीं। वहीं वृंदावन जोन में सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक तथा सिटी जोन जनरल गंज कार्यालय में अवर अभियंता अजय कुमार ने जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के सभी संबंधित विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। भूतेश्वर जोन में कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें तीन शिकायतें निर्माण कार्य से संबंधित, एक सफाई, तीन अतिक्रमण तथा एक धर्मशाला में बेंच लगवाने से संबंधित रही। सफाई से जुड़ी एक शिकायत का जनसुनवाई के दौरान ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। वृंदावन जोन में कुल तीन शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें दो शिकायतें जलकल विभाग से संबंधित थीं, जबकि एक शिकायत नजूल विभाग से जुड़ी रही। अधिकारियों को सभी शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध समाधान कराना है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, मुख्य अभियंता निर्माण संजय सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र यादव, सहायक अभियंता जलकल हेमेंद्र गौतम, अवर अभियंता विद्युत शैलेश सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)