रुदौली क्षेत्र में 263 जगहों पर स्थापित होंगी दुर्गा प्रतिमाएं:विसर्जन को लेकर तैयारी तेज, विधायक ने अधिकारियों के साथ की बैठक
अयोध्या जनपद में दुर्गा पूजा और आगामी प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रुदौली तहसील क्षेत्र में इस बार 263 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए रविवार चार अक्टूबर दोपहर में तहसील सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता विधायक रामचंद्र यादव ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद सोनकर ने बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 263 स्थानों पर प्रतिमा स्थापना की जानी है। इनमें कोतवाली रुदौली क्षेत्र में 117, मवई में 30, पटरंगा में 55 और बाबा बाजार क्षेत्र में 61 स्थान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं, ताकि आयोजन और प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। बैठक में दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विसर्जन स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया। विधायक रामचंद्र यादव और प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया। बैठक में लोगों की ओर से पहले उठाई गई शिकायतों पर भी चर्चा हुई। संबंधित शिकायतों को बैठक में शामिल कर सभी विभागों के अधिकारियों को अवगत कराया गया, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण किया जा सके। इस दौरान उप जिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, खंड विकास अधिकारी रुदौली समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्धारित व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)