मुजफ्फरनगर में गुड़–खांडसारी कोल्हुओं पर शिकंजे की तैयारी:पेराई सत्र से पहले बुधवार को कोल्हू संचालकों के साथ बड़ी बैठक

Sep 28, 2026 - 16:04
0
मुजफ्फरनगर में गुड़–खांडसारी कोल्हुओं पर शिकंजे की तैयारी:पेराई सत्र से पहले बुधवार को कोल्हू संचालकों के साथ बड़ी बैठक
मुजफ्फरनगर में पेराई सत्र शुरू होने से पहले प्रशासन ने कोल्हुओं से होने वाले वायु प्रदूषण पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को जिलेभर के कोल्हू संचालकों की बड़ी बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों और नए मानकों की जानकारी देने के साथ संचालकों को उनका पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा जाएगा। प्रदूषण अधिकारी गीतेश चंद्रा ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जानकारी देते हुए बताया कि बैठक सुबह 11:30 बजे कचहरी स्थित जिला पंचायत सभागार में होगी। उनकी अध्यक्षता में होने वाली बैठक में जिलेभर के सैकड़ों कोल्हू संचालकों के शामिल होने की बात कही गई है। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में संचालकों को CAQM की ओर से निर्धारित नए नियमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कोल्हुओं में APCD (Air Pollution Control Device) और OCEMS (Online Continuous Emission Monitoring System) लगाए जाने से संबंधित प्रावधानों और उनकी उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा। दरअसल, पेराई सत्र के दौरान कोल्हुओं की संख्या बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण का मुद्दा भी सामने आता है। सर्दियों में मौसम की परिस्थितियों के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में ज्यादा देर तक बने रह सकते हैं। ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस बार पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही कोल्हू संचालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने की तैयारी में जुट गया है। प्रदूषण अधिकारी गीतेश चंद्र ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य कोल्हू संचालकों को प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमों के अनुरूप संचालन के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User