मुजफ्फरनगर में हादसे के बाद पुलिस से भिड़ा परिवार:कार ने बुलेट सवार परिवार को मारी थी टक्कर; पीड़ित बोले- नशे में थे कार सवार, पुलिस ने जाने दिया
मुजफ्फरनगर में झांसी की रानी चौक पर सड़क हादसे के बाद पीड़ित परिवार और पुलिसकर्मियों के बीच हुई बहसबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बुलेट सवार परिवार पुलिस के सामने अपनी आपबीती बताते और कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता दिखाई दे रहा है। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने हादसे के बाद कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। परिवार के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे विनीत वर्मा अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बुलेट से मार्केट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बुलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि विनीत के हाथ में चोट आई। पत्नी और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद सड़क पर हुआ विवाद परिवार का आरोप है कि कार सवार लोग शराब के नशे में थे। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पीड़ित परिवार ने कार सवारों पर बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वायरल वीडियो में परिवार पुलिसकर्मियों से बहस करता नजर आ रहा है। परिवार अपनी परेशानी बताते हुए कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। उनका आरोप है कि मौके पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौजूद थी, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।
कार सवारों को छोड़ने का लगाया आरोप पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें मौके से जाने दिया। इसी बात को लेकर परिवार और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हुई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। परिवार ने सिविल लाइन पुलिस से कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो के बाद हादसे के साथ पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)