तीन करोड़ की सीरप बरामदगी मामले में रिमांड मंजूर:मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपितों की छह घंटे की कस्टडी मिली

Oct 04, 2026 - 09:21
0
तीन करोड़ की सीरप बरामदगी मामले में रिमांड मंजूर:मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपितों की छह घंटे की कस्टडी मिली
बांदा के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास तीन सितंबर को पकड़ी गई करीब तीन करोड़ रुपये की कोडीनयुक्त कफ सीरप की खेप के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस न्यायालय ने जेल में निरुद्ध मास्टरमाइंड अतर्रा निवासी प्रियांशु गुप्ता समेत प्रवीण उर्फ लकी और रोहित की छह घंटे की कस्टडी रिमांड मंजूर की है। पुलिस सोमवार यानी कल तीनों को जेल से बाहर लाकर पूछताछ करेगी। एसटीएफ और बिसंडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में डीसीएम और कार से 250 पेटी में भरी 30 हजार शीशी कोडीन सीरप बरामद की थी। मामले में अब तक छह आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस का फोकस सीरप की खरीद, भुगतान, बिलिंग और सप्लाई के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर है। रिमांड के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया पुलिस के मुताबिक, बरामद सीरप के रैपर और डीसीएम चालक के पास मिले ई-वे बिल से निर्माण व सप्लाई से जुड़ी कंपनियों की जानकारी मिली है। संबंधित कंपनियों से दस्तावेज भी मांगे गए थे, लेकिन पुलिस उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है। ऐसे में अब आरोपितों से सीधे पूछताछ कर कड़ियां जोड़ने की तैयारी है। बिसंडा थाने की बेलगांव चौकी प्रभारी एवं विवेचक गौरव मिश्रा ने प्रियांशु, प्रवीण उर्फ लकी और रोहित की दो दिन की रिमांड के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। न्यायाधीश संजय कुमार ने तीनों आरोपितों की छह घंटे की कस्टडी रिमांड मंजूर की। यह रिमांड सोमवार को ली जाएगी नौ बिंदुओं पर होगी पूछताछ पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाएगी कि आरोपितों ने इससे पहले कोडीन सीरप की कितनी खेप मंगाई थीं। मोबाइल में हुए लेन-देन, सप्लाई नेटवर्क में शामिल लोगों, सीरप की खपत वाले क्षेत्रों और माल रखने के गोदाम की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके अलावा भुगतान, आर्डर और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जाएगी। पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े नए नाम सामने आने की संभावना है। रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आरोपितों का दोबारा चिकित्सीय परीक्षण कराकर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User