मुजफ्फरनगर में महिला पुलिसकर्मियों ने निकाला पैदल मार्च:मिशन शक्ति फेज-6 शुरू, एसएसपी सूरज राय ने दिखाई हरी झंडी
मुजफ्फरनगर पुलिस ने नवरात्रि पर्व पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति फेज-6 के तहत पैदल मार्च निकाला। एसएसपी सूरज राय ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मार्च का नेतृत्व एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीओ रुपाली राय और सीओ ऋषिका सिंह ने किया। इसमें स्थानीय थानों की महिला पुलिसकर्मी और दर्जनों विभागों की महिला कर्मी शामिल हुईं। यह मार्च सोमवार सुबह 12 बजे पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के झांसी की रानी, मालवीय चौक और शिव चौक जैसे मुख्य इलाकों से गुजरा। इसका मकसद महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की सतर्कता दिखाना था। एसएसपी सूरज राय ने कहा कि नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा सबसे अहम है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई शरारती तत्व महिलाओं की गरिमा या सुरक्षा से छेड़छाड़ की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सफेद व नीली वर्दी में सजी महिला पुलिसकर्मियों की लंबी कतार देखकर राहगीरों ने उनकी सराहना की। मार्च के दौरान महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और छेड़छाड़ जैसे अपराधों के खिलाफ जागरूकता संदेश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति के इस चरण में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नवरात्रि के दौरान मंदिरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिलाओं से जुड़े किसी भी अपराध की सूचना मिलते ही तुरंत संज्ञान लिया जाएगा। एसएसपी सूरज राय ने मार्च के दौरान मौजूद महिला पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। अराजक तत्वों को यह संदेश साफ है कि मुजफ्फरनगर में महिलाओं की सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं होगा। यह मार्च मिशन शक्ति फेज 6 के अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि नवरात्रि समेत पूरे वर्ष महिलाओं को पूर्ण सुरक्षा का अहसास हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)