फाइनेंस कंपनी बताकर ट्रेलर छीना, चालक से मारपीट:सोनभद्र में किश्त बकाया का डर दिखाकर हाईवे पर रोकते थे वाहन, 3 आरोपी गिरफ्तार

Oct 05, 2026 - 17:09
0
फाइनेंस कंपनी बताकर ट्रेलर छीना, चालक से मारपीट:सोनभद्र में किश्त बकाया का डर दिखाकर हाईवे पर रोकते थे वाहन, 3 आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र मे फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर हाईवे पर ट्रेलर रोकना और किश्त बकाया होने का भय दिखाकर वाहन कब्जे में लेना तीन युवकों को भारी पड़ गया। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने चालक से मारपीट कर जबरन ट्रेलर ले जाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल दो पल्सर मोटरसाइकिल और छीना गया ट्रेलर भी बरामद किया है। आरोपियों में एक के खिलाफ वर्ष 2022 में रंगदारी का मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी खुद को फाइनेंस कंपनी का सीजिंग कर्मचारी बताते थे। वे किश्त बकाया होने की बात कहकर हाईवे पर ट्रेलर और अन्य वाहनों को रोकते थे। इसी दौरान ट्रेलर चालक को वाहन से जबरन उतारकर ट्रेलर अपने कब्जे में ले लिया गया। चालक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और केबिन की खिड़की से उसका गला दबाने का भी प्रयास किया। इसके बाद आरोपी ट्रेलर को हिन्दुआरी स्थित यार्ड ले जा रहे थे। रास्ते में ट्रेलर खराब होकर बंद हो गया। आरोपियों ने उसे डीआर ड्रीम होटल के सामने छोड़ दिया। मामले में चालक की शिकायत पर रॉबर्ट्सगंज थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार को हिन्दुआरी चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित तीन आरोपी हिन्दुआरी पुलिया के पास बाबा ढाबा के नजदीक मोटरसाइकिलों के साथ खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सुबह करीब 10:20 बजे तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक नंबर वाली और एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल मिली, जिन्हें एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु सिंह निवासी मगरहथा पन्नूगंज, सूरज पांडेय निवासी परसौना और संतोष सिंह निवासी पकरी चंडी होटल रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सूरज पांडेय के खिलाफ वर्ष 2022 में रंगदारी का मुकदमा दर्ज है, जबकि संतोष के खिलाफ भी एक अन्य मुकदमा दर्ज है।पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User