मुजफ्फरनगर में प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश:जमीन बेचकर 10 लाख देने की हुई डील, पत्नी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Sep 30, 2026 - 20:17
0
मुजफ्फरनगर में प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश:जमीन बेचकर 10 लाख देने की हुई डील, पत्नी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में गोली मारकर हुई प्रवीण उर्फ परविंदर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड की साजिश में मृतक की पत्नी रेखा और उसके प्रेमी विकास समेत चार लोग शामिल थे। पुलिस ने रेखा, विकास, राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया है। युवक की 27 सितंबर को हत्या हुई थी। आरोपियों की निशानदेही पर दो 315 बोर तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की गई है। मामला रतनपुरी थाना क्षेत्र के अंबरपुर जंगल का है। 2018 से रेखा और विकास के बीच बढ़ी नजदीकी एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बुधवार शाम 5 बजे पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रवीण की शादी रेखा से वर्ष 2006 में हुई थी। पुलिस जांच के अनुसार, वर्ष 2018 से रेखा और विकास के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दोनों इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए थे और बाद में शादी करना चाहते थे। पुलिस के मुताबिक, प्रवीण को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसके बाद वह इसका विरोध करने लगा। जांच में प्रवीण और रेखा के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद की बात भी सामने आई। पुलिस का कहना है कि प्रवीण शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता था। जमीन बेचने के बाद विकास को 10 लाख देने की बात पुलिस के अनुसार, रेखा और विकास के रिश्ते आगे बढ़ने के साथ दोनों ने प्रवीण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। हत्या के बाद जमीन बेचकर विकास को करीब 10 लाख रुपए देने की बात तय हुई थी। विकास ने कथित तौर पर हत्या की योजना में अपने परिचित राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह उर्फ कल्लू को शामिल किया। पुलिस जांच में दोनों के लिए भी रकम तय किए जाने की बात सामने आई है। हत्या के बाद राजा और कल्याण को तीन-तीन लाख रुपए देने की बात बताई गई है। डेढ़ लाख के लेनदेन का विवाद भी सामने आया जांच में राजा और प्रवीण के बीच करीब डेढ़ लाख रुपए के लेनदेन की बात भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, राजा कई बार प्रवीण से अपने रुपए मांग चुका था। राजा, कल्याण सिंह के यहां नौकरी करता था। वहीं कल्याण सिंह को प्रवीण का दोस्त बताया गया है। पुलिस के अनुसार, इन संबंधों और पैसों के लेनदेन के बीच आरोपियों ने हत्या की साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई। नए सिम से फोन कर प्रवीण को जंगल में बुलाया पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए राजा ने नया सिम खरीदा। इसी नंबर से उसने प्रवीण को फोन किया और अंबरपुर के जंगल में बुलाया। प्रवीण के पहुंचने से पहले आरोपी जंगल में पहुंच चुके थे। पुलिस के अनुसार, प्रवीण के वहां पहुंचते ही उस पर दो गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी स्विफ्ट कार से वहां से फरार हो गए। रतनपुरी पुलिस और SOG ने 60 घंटे में किया खुलासा 27 सितंबर को हत्या की सूचना मिलने के बाद रतनपुरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमों ने जांच शुरू की। टीमों ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों की गतिविधियों की पड़ताल की। करीब 60 घंटे की जांच के बाद पुलिस ने रेखा, विकास, राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार राजा उर्फ काला कसेरवा, कल्याण सिंह उर्फ कल्लू मोघपुर, विकास दूधाहेड़ी और रेखा रायपुर नंगली की रहने वाली है। दो तमंचे और कार समेत सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो 315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User