मुजफ्फरनगर में पुलिस की पाठशाला:महिलाओं को बताए गए कानूनी अधिकार और हेल्पलाइन नंबर
मुजफ्फरनगर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 'मिशन शक्ति अभियान' के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रुड़की चुंगी चौकी पुलिस ने ग्राम मिमलाना में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सजग किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को चुपचाप सहने के बजाय उसके खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाएं। ग्राम मिमलाना में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में उप निरीक्षक आकृति सिंह ने बालिकाओं और महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ और आज के समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध जैसी घटनाओं के प्रति महिलाओं को सतर्क किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार की प्रताड़ना को चुपचाप सहन करने या डरने की कोई जरूरत नहीं है, पुलिस हर कदम पर उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए उप निरीक्षक ने महिलाओं को कई महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी नोट कराए। इनमें 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि संकट की स्थिति में इन नंबरों पर कॉल करके कभी भी त्वरित मदद मांगी जा सकती है। इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास का भाव जगाने के लिए उप निरीक्षक दीपक कुमार और महिला कांस्टेबल आंचल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)