मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग:राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर कार्यकाल की जांच और पद से हटाने की मांग
शामली। बहुजन एकता संघर्ष समिति ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक उन्हें पद से हटाने या उनसे इस्तीफा लेने पर विचार करने की मांग की है। इस संबंध में संगठन ने 13 अक्टूबर मंगलवार को जिलाधिकारी शामली के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल के दौरान चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठाए गए हैं। संगठन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से नाम हटाने, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकरण को लेकर चिंता जताई।
समिति का कहना है कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि नागरिकों का चुनाव व्यवस्था पर भरोसा बना रहे। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से तीन प्रमुख मांगें की गई हैं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराने, जांच पूरी होने तक उन्हें पद से हटाने या इस्तीफा लेने पर विचार करने और मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। बहुजन एकता संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सर्वोपरि है। संगठन ने राष्ट्रपति से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। ज्ञापन पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन कैमरी, जिला अध्यक्ष शिवकुमार, जिला उपाध्यक्ष कपिल कुमार, शामली विधानसभा अध्यक्ष प्रमजीत सिंह, कैराना विधानसभा अध्यक्ष संदीप कुमार, जिला सलाहकार अरविंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों के नाम दर्ज हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)